दोनों कर सकते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस
पाकिस्तान से दो नए वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियोज में अंजू को सूट में देखा जा सकता है। कहा जा रहा है कि वीडियो राजधानी इस्लामाबाद में रिकॉर्ड किए गए हैं। पाकिस्तान के चैनल आज न्यूज के एक जर्नलिस्ट ने दावा किया है कि अंजू और नसरुल्ला जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वो दोनों सरकार से इस मसले पर गंभीर अपील कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों फातिमा (अंजू का बदला हुआ नाम) के लिए पाकिस्तानी नागरिकता की मांग कर सकते हैं।
नए घटनाक्रम के बाद इस बात पर सवाल खड़े हो गए हैं कि क्या अंजू अब कभी भारत वापस नहीं आएगी। दोनों को खैबर पख्तून्ख्वां के अपर दीर में नवाब हाउसिंग एसोसिएट की तरफ से एक प्लॉट गिफ्ट किया गया है। इस फर्म के मालिक तुफैल खान ने भारतीय मीडिया को बताया है कि अंजू को भारत जाना है या नहीं यह उनका निजी मामला है। मगर उन्होंने यह भी कहा कि अंजू पाकिस्तान में बहुत खुश है और ऐसे में उन्हें नहीं लगता है कि अब वह भारत वापस जाएगी।
अंजू ने जताया डर
अंजू ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि उनके बारे में भारत में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। ऐसे में वापसी पर उसकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। उसके जवाबों से अनुमान लगाया गया था कि वह शायद अब वह भारत नहीं लौटेगी। साथ ही कुछ लोगों ने यह भी कहा था कि भारत में अंजू को अपनी जान पर खतरा नजर आ रहा है। अंजू अपने घर से यह बोलकर निकली थीं कि वह गोवा अपनी बहन के पास जा रही हैं। उसके बाद वह सीधा पाकिस्तान पहुंच गईं। फिर वह नसरुल्ला के साथ खैबर पख्तून्ख्वां पहुंची। इन दोनों की शादी की खबरें भी कुछ ही समय के बाद आने लगी थीं।