Delhi Murder: 42 साल की महिला की पहले की सरेआम हत्या, फिर घर पहुंचकर खुद पर गोली चलाकर किया सुसाइड


नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। डाबड़ी थाना क्षेत्र स्थित वैशाली में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार होकर अपने घर जा पहुंचा। यहां घर की छत पर जाकर उसने खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली।

जिस महिला की हत्या हुई है, उनका नाम रेणु गोयल (42) है। वहीं, आरोपित जिसने आत्महत्या की उसका नाम आशीष (23) है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक छानबीन में मामला व्यक्तिगत दुश्मनी का लग रहा है। घटना की जांच जारी है।

दो गोलियां चलने के मिले साक्ष्य

पुलिस के अनुसार, डाबड़ी थाना क्षेत्र स्थित वैशाली में गोली चलने की सूचना करीब पौने नौ बजे मिली। छानबीन में पता चला कि रेणु अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी एक युवक आया और उसने उनपर गोली चला दी। मौके पर दो गोलियां चलने के साक्ष्य मिले।

स्वजन उन्हें आननफानन में लेकर अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेणु अपने पति व तीन बच्चों के साथ रहती थी। इनके पति का प्रॉपर्टी का कारोबार है। रेणु गृहिणी थी। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से पता चला कि वारदात के पीछे आशीष नामक युवक का हाथ है।

आशीष रेणु के घर के नजदीक ही अपने माता-पिता के साथ रहता था। पुलिस जब इसके घर पर पहुंची तो पाया कि आशीष ने खुद को गोली मार ली है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन का कहना है कि आशीष व रेणु एक दूसरे को पिछले कुछ वर्षों से जानते थे। दोनों एक ही जिम में जाते थे। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Posted By Abhi Malviya



Source link

Leave a Comment